लुधियाना :-लुधियाना के भारत नगर चौक पर ओवर स्पीड आई-20 कार की टक्कर से ऑटो पलट गया। जिस कारण आटो में बैठा दम्पति और ऑटो चालक घायल हो गए, जबकि 7 महीने के बच्चे की मौत हो गई। हादसे के तुरंत बाद चालक कार मौक पर छोड़कर फरार हो गया। मृतक बच्चे की पहचान अरनव के रुप में हुई हैे। पुलिस को दिए ब्यान में मनोज (35) ने बताया कि वह मूल रुप से मध्य प्रदेश का रहने वाला है।7 साल पहले उसकी शादी नीलू(32) के साथ हुई थी। जून महीने में वह अपनी पत्नी को गांव छोड़ आया था। जिसे लेने के लिए वह मध्य प्रदेश गया था। बुधवार सुबह ट्रेन से पहुंचा और ऑटो कर गांव फुल्लांवाल में अपने घर की ओर जा रहा था। जब वह भारत नगर चौक के गुजर रहे थे तो आरती चौक की ओर से आई ओवर स्पीड कार ने टक्कर मार दी। जिस कारण पत्नी के हाथ में पकड़ा बच्चा उछलकर जमीन पर गिरा। घटनास्थल पर पहुंची एंबुलैंस ने तीनों को उपचार के लिए सिविल अस्पताल पहुंचाया। जहां डाक्टरों ने बच्चे को मृत घोषित कर दिया। घायल नीलू के सिर पर 7 टांके लगे हैं जबकि मनोज की दोनों टांगें टूट गई हैं। थाना डिवीजन नं. 8 की पुलिस ने कार और क्षतिग्रस्त ऑटो कब्जे में लेकर अज्ञात चालक के खिलाफ केस दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।