नई दिल्ली:- देश के उत्तरी भाग के कई हिस्सों में हिमपात होने के चलते मैदानी इलाकों में पारा शून्य के नीचे चला गया। राष्ट्रीय राजधानी एवं मध्य प्रदेश समेत देश के कुछ अन्य क्षेत्रों में घना कोहरा छाया रहा, परिणामस्वरूप दृश्यता घट जाने से यातायात प्रभावित हुआ। भारत मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार पश्चिमोत्तर भारत में अगले तीन दिनों के दौरान न्यूनतम तापमान दो से तीन डिग्री सेल्सियस नीच जाने वाला है।दिल्ली के कई हिस्सों में घना कोहरा छाए रहने से दृश्यता कम हो गई जिससे यातायात प्रभावित हुआ। आज हवा की दिशा उत्तरपश्चिम होने के साथ तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे जाने का पूर्वानुमान है। इस बीच, कश्मीर घाटी में कई मौसम केंद्रों ने रात का तापमान शून्य से नीचे दर्ज किया। दक्षिण कश्मीर के पहलगाम में पारा शून्य से नीचे 3.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जबकि कोकरनाग में रात का तापमान शून्य से नीचे 2.3 डिग्री सेल्सियस रहा। श्रीनगर में पारा 0.1 डिग्री सेल्सियस रहा। मौसम कार्यालय ने मौसम 20 दिसंबर तक शुष्क रहने और रात के तापमान में गिरावट आने की आशंका प्रकट की है। हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला में न्यूनतम तापमान 3.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
Jalandhar News






































