नई दिल्ली : आने वाले दिनों में उत्तर भारत में ठंड के और बढ़ने की संभावना के बीच सोमवार को जम्मू कश्मीर और हिमाचल प्रदेश में कई स्थानों पर पारा शून्य के नीचे चला गया जबकि अन्य उत्तरी राज्यों में काफी सर्दी रही। ठंडी हवा की चपेट में आई दिल्ली में सोमवार को न्यूनतम तापमान 8.5 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया जबकि रविवार को यह 11.5 डिग्री था। सोमवार को यहां अधिकतम तापमान सामान्य से चार डिग्री कम 19.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो इस महीने में अब तक सबसे कम है।मौसम विज्ञान विभाग ने बुलेटिन में कहा कि उत्तर पश्चिम भारत में अगले चार दिनों में न्यूनतम तापमान में तीन से पांच डिग्री सेल्सियस की गिरावट आने की संभावना है।उत्तर भारत का बड़ा हिस्सा पहले ही कोहरे से गुजर रहा है। मौसम विज्ञान विभाग ने कहा कि अगले दो-तीन दिनों के दौरान मध्य एवं पश्चिम भारत में न्यूनतम तापमान में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है लेकिन उसके बाद उसमें चार डिग्री सेल्सियस गिरावट होगी।
Jalandhar News






































