नई दिल्ली: धार्मिक उत्साह और पारंपरिक हर्षोल्लास के साथ ईसा मसीह के जन्म के अवसर पर मनाया जाने वाले त्योहार क्रिसमस की धूम देशभर में दिखाई दे रही है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने लोगों को क्रिसमस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि भगवान क्राइस्ट का जीवन और उनके सिद्धांत दुनियाभर में लाखों लोगों को शक्ति प्रदान करते हैं। प्रधानमंत्री ने ट्वीट कर कामना की कि उनका (क्राइस्ट) मार्गदर्शन न्यायसंगत और समावेशी समाज के निर्माण का रास्ता दिखाता रहे। मोदी ने लिखा कि क्रिसमस की शुभकामनाएं। ईश्वर क्राइस्ट का जीवन और उनके सिद्धांत दुनियाभर में लाखों लोगों को शक्ति प्रदान करते हैं। सभी लोगों के प्रसन्न और स्वस्थ रहने की कामना करता हूं।वहीं राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने भी क्रिसमस के अवसर पर देशवासियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दी है। उन्होंने ट्वीट कर लिखा कि क्रिसमस की हार्दिक शुभकामनाएं। मैं आशा करता हूं कि यह त्योहार शांति और समृद्धि का प्रसार करते हुए समाज में सौहार्द बढ़ाएगा।” उन्होंने कहा कि आइए, इस उत्सव पर हम ईसा मसीह की प्रेम, करुणा और परोपकार की शिक्षाओं का अनुसरण करें और समाज एवं राष्ट्र हित के कल्याण के लिए संकल्पबद्ध रहें।बता दें कि क्रिसमस के मौके पर सभी गिरजाघरों को आकर्षक रूप से सजाया गया है। इस साल कोरोना महामारी के मद्देनजर समारोहों में बहुत धूमधाम नहीं रही। सरकार ने प्रतिबंधों में थोड़ी ढील देते हुए धार्मिक सभा की अनुमति दी है लेकिन चेहरे पर मास्क लगाने और शारीरिक दूरी बनाये रखने के नियमों का सख्ती से पालन करने का निर्देश भी दिया है।
Jalandhar News






































