चंडीगढ़ः उत्तर प्रदेश और पंजाब सहित उत्तर भारत के कई स्थानों पर रविवार को न्यूनतम तापमान 5 डिग्री सैल्सियस से कम दर्ज किया गया। भारत मौसम विज्ञान विभाग ने इस सप्ताह के बाद इस क्षेत्र के कुछ हिस्सों में शीतलहर चलने और घने कोहरे का अनुमान जताया है। कश्मीर में रविवार को शीतलहर और तेज हो गई तथा समूची घाटी में न्यूनतम तापमान शून्य से कई डिग्री सैल्सियस नीचे गिर गया। मौसम विभाग का अनुमान है कि घाटी में अगले 3 दिनों में हल्की बारिश और बर्फबारी हो सकती है। पंजाब और हरियाणा में भी कड़ाके की ठंड का दौर जारी है। मौसम विभाग के अधिकारियों ने बताया कि गुरदासपुर पंजाब का सबसे ठंडा स्थान रहा जबकि हरियाणा का सबसे ठंडा स्थान 3.3 डिग्री सैल्सियस न्यूनतम तापमान के साथ नारनौल रहा।गुरदासपुर में रविवार को न्यूनतम तापमान लुढ़क कर 2 डिग्री सैल्सियस पर पहुंच गया। मौसम विभाग ने कहा, 28 से 29 दिसंबर तक पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, उत्तर प्रदेश और उत्तरी राजस्थान में अलग-अलग इलाकों में बहुत अधिक शीतलहर चलने का अनुमान है।इन क्षेत्रों में घना कोहरा भी छाए रहने के आसार है।
Jalandhar News






































